पुलिस को कोर्ट ने सिखाया कानून का पाठ, हिंदुत्व विचारक टीजी मोहनदास को दी जमानत
तिरुवनंतपुरम की एक कोर्ट ने हिंदुत्व विचारक टीजी मोहनदास की गिरफ्तारी के तरीके को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, उन पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को धमकाने वाले वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पत्रिका पर पोस्ट करने का आरोप है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि अधिकारियों ने गिरफ्तारी से पहले अनिवार्य कानूनी नोटिस जारी नहीं किया और पुलिस द्वारा दिए गए कारण भी मान्य नहीं थे।
मोहनदास को जमानत मिली
मोहनदास पर IT एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत सार्वजनिक उपद्रव और धमकाने के आरोप लगे हैं। हालांकि, अदालत को उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की कोई खास जरूरत नहीं लगी, खासकर तब जब पुलिस उनकी तलाशी के दौरान पहले ही उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर चुकी थी। अब उन्हें जमानत मिल गई है, लेकिन उन्हें अगले 2 दिनों तक लगातार पूछताछ के लिए पेश होना होगा।