Page Loader
पद्म पुरस्कार 2023 का ऐलान, मुलायम सिंह यादव और दिलीप महलानाबीस को मरणोपरांत पद्म विभूषण
मुलायम सिंह यादव और दिलीप महलानाबीस को मरणोपरांत पद्म विभूषण

पद्म पुरस्कार 2023 का ऐलान, मुलायम सिंह यादव और दिलीप महलानाबीस को मरणोपरांत पद्म विभूषण

लेखन नवीन
Jan 25, 2023
10:07 pm

क्या है खबर?

भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नागरिक सम्मानों का ऐलान कर दिया गया है। इस साल 106 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। बालकृष्ण दोशी (मरणोपरांत), जाकिर हुसैन, एसएम कृष्णा, दिलीप महलानाबीस (मरणोपरांत), श्रीनिवास वर्धन और मुलायम सिंह यादव (मरणोपरांत) को पद्मविभूषण से नवाजा गया है। पद्मभूषण से सम्मानित होने वालों में एसएस भैरप्पा, कुमार मंगलम बिड़ला, दीपक धर, वाणी जयराम, सुधा मूर्ति समेत नौ लोग शामिल हैं।

जानकारी

महालनोबिस ने की थी ORS की खोज

दिलीप महालनोबिस को बांग्लादेश युद्ध के दौरान लाइफ सेविंग सॉल्यूशन विकसित करने और ORS थैरेपी को प्रचलित करने के लिए याद किया जाता है। ORS को एक महान खोज करार दिया जाता है। डॉ महलानाबीस का 88 साल की उम्र में निधन हुआ था।

जानकारी

पिछले साल हुआ था मुलायम का निधन

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम का पिछले साल 10 अक्तूबर को 82 साल की उम्र में निधन हो गया था। आठ बार विधानसभा चुनाव जीतकर मुलायम तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे, वहीं दो बार केंद्रीय मंत्री भी बने।

सम्मान

2023 में इन हस्तियों को मिला पद्मश्री पुरस्कार

इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्मश्री पाने 91 लोगों में सुकमा आचार्य, जोधैयाबाई बैगा, प्रेमजीत बारिया, ऊषा बरले, मुनिश्वर चंदावर, हेमंत चौहान, भानुभाई चितारा, हेमचंद्र गोस्वामी, राधाचरण गुप्ता, दिलशाद हुसैन, रत्तन सिंह जग्गी, बिक्रम बहादुर जमाटिया, एमएम कीरवानी, आनंद कुमार, अरविंद कुमार, मूलचंद लोढा, अजय कुमार मंडावी, अंतर्यामी मिश्रा, उमाशंकर पांडे, हनुमंथा राव पसुपलेटी, कृष्णा पटेल, कपिल देव प्रसाद, श्री सीवी राजू, सुजाता रामदोराई, रित्विक सान्याल और नेकराम शर्मा आदि शामिल हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए सभी नाम

पुरस्कार

किन-किन क्षेत्रों में दिये जाते हैं पद्म पुरस्कार?

पद्म पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, समाज सेवा, लोक-कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेलकूद, सिविल सेवा इत्यादि के संबंध में प्रदान किए जाते हैं। पद्म पुरस्कार समिति द्वारा की गई सिफारिशों पर पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं, जिसका गठन हर साल प्रधानमंत्री द्वारा किया जाता है। पद्म विभूषण पुरस्कार असाधारण और विशिष्ट सेवा, पद्म भूषण उत्कृष्ट कोटि की विशिष्ट सेवा और पद्मश्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

पद्म पुरस्कार

पिछले साल इन्हें मिला था पुरस्कार

पिछले साल गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस पर इसमें पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तथा भाजपा नेता कल्याण सिंह सहित चार लोगों को पद्म विभूषण पुरस्कार देने की घोषणा की थी। CDS रावत का 8 दिसंबर, 2021 को तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया था। इनके अलावा 17 हस्तियों को पद्म भूषण और 102 लोगों को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।