केंद्र सरकार ने लागू किया ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम, सभी ऑनलाइन मनी गेम्स पर भी लगाया प्रतिबंध
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने बुधवार को देश में एक सुरक्षित, जिम्मेदार और जवाबदेह ऑनलाइन गेमिंग पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत सरकार ने ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम्स में नवाचार को प्रोत्साहन देने के साथ ऑनलाइन मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से ऑनलाइन गेमिंग प्रोत्साहन और विनियमन अधिनियम, 2025 (गेमिंग अधिनियम) लागू कर दिया है। आइए इसके नियम और सख्त प्रावधानों पर एक नजर डाल लेते हैं।
प्रतिबंध
ऑनलाइन मनी गेम्स पर लागू हुआ प्रतिबंध
गेमिंग अधिनियम के तहत ऑनलाइन मनी गेम्स के सभी रूपों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है, चाहे वे संयोग के खेल हों, कौशल के खेल हों या दोनों का संयोजन हों। अधिनियम में ऐसे खेलों के विज्ञापन, प्रचार और सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ बैंकों या भुगतान प्रणालियों के माध्यम से संबंधित वित्तीय लेनदेन पर भी रोक लगाई है। अधिकारियों को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के प्रावधानों के तहत अवैध प्लेटफार्म तक पहुंच को रोकने का अधिकार भी होगा।
सजा
अधिनियम के उल्लंघन पर किया गया है कठोर सजा का प्रावधान
गेमिंग अधिनियम के उल्लंघन के लिए कठोर सजा का भी प्रावधान है। ऑनलाइन मनी गेम्स के जरिए वित्तीय लेनदेन करने पर 3 साल की जेल या एक करोड़ रुपये जुर्माना या दोनों दिए जा सकते हैं। दूसरी बार दोषी पाए जाने पर 3 वर्ष की कैद को 5 वर्ष तक बढ़ाने और एक करोड़ रुपये के जुर्माने को 3 करोड़ रुपये तक करने का भी प्रावधान किया गया है। ऐसे में अधिनियम का उल्लंघन करना परेशानी वाला होगा।
जानकारी
ऑनलाइन मनी गेम्स के विज्ञापन पर होगी यह सजा
अधिनियम के तहत, ऑनलाइन मनी गेम्स का विज्ञापन करने पर 2 साल जेल या 50 लाख रुपये तक जुर्माना या फिर दोनों से दंडित किया जा सकेगा। दूसरी बार में 3 साल की जेल और एक करोड़ रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
प्रावधान
अधिनियम में ये भी किए गए हैं प्रावधान
अधिनियम में ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम्स की मान्यता और प्रचार, भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण की स्थापना, ऑनलाइन गेम्स के लिए एक पारदर्शी पंजीकरण व्यवस्था, उपयोगकर्ताओं के लिए शिकायत निवारण प्रणाली और प्रतिबंधित ऑनलाइन मनी गेम्स और उनसे संबंधित नुकसानों से सुरक्षा का भी प्रावधान किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर गठित ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण अनुमत खेलों का वर्गीकरण और पंजीकरण करने, आचार संहिता जारी करने और जनता की शिकायतों का समाधान करने के लिए जिम्मेदार होगा।
मसौदा
अक्टूबर 2025 में पेश किया गया था अधिनियम का मसौदा
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गेमिंग अधिनियम को लागू करने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर, 2025 को ऑनलाइन गेमिंग प्रचार और विनियमन नियम, 2025 का मसौदा सार्वजनिक परामर्श के लिए प्रकाशित किया था। कानून निर्माण के प्रति सरकार की समावेशी दृष्टिकोण की प्रतिबद्धता के अनुरूप, हितधारकों सहित जनता से प्रतिक्रिया आमंत्रित की गई थी। सूचना, प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने लिखित उत्तर में यह जानकारी लोकसभा में दी है।