AI फर्जी पर्चियों से दवाओं पर मंडराया खतरा? ऑनलाइन फार्मेसी के खिलाफ केमिस्टों की देशव्यापी हड़ताल
तेलंगाना के केमिस्ट 20 मई, 2026 को होने वाली देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। उनकी मुख्य नाराजगी बिना नियमों के चल रही ऑनलाइन फार्मेसियों, बड़ी कंपनियों की तरफ से मिल रही भारी छूट और सरकार की अनदेखी को लेकर है। अखिल भारतीय रसायनज्ञ एवं औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) से जुड़ी तेलंगाना केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (TTCDA) ने बताया है कि इस हड़ताल में देशभर से 12.40 लाख से भी ज्यादा केमिस्ट और दवा वितरक हिस्सा लेंगे। इस आंदोलन का असर फार्मास्युटिकल कारोबार से जुड़े करीब 5 करोड़ लोगों पर पड़ सकता है।
क्या बोल रहे हैं केमिस्ट?
स्थानीय केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ई-फार्मेसी नियमों का सीधा उल्लंघन कर रही हैं। वे बिना किसी सही पर्चे की जांच किए दवाएं बेच रहे हैं और तो और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) से बनी फर्जी पर्चियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। केमिस्टों को इस बात का भी डर है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर नशे की लत लगाने वाली दवाएं आसानी से मिल रही हैं, जिससे लोगों की सेहत को बड़ा खतरा हो सकता है। इसके साथ ही, बड़ी कंपनियां जिस तरह से भारी छूट दे रही हैं, उससे छोटी दुकानों का टिके रहना मुश्किल होता जा रहा है।