दिल्ली से खत्म होंगे कचरे के पहाड़, MCD ने तय की सफाई की नई समय-सीमा
दिल्ली के नगर निगम ने शहर के तीन बड़े कचरा स्थलों भलस्वा, ओखला और गाजीपुर को साफ करने की नई समय-सीमा का ऐलान किया है। भलस्वा और ओखला को 2026 के आखिर तक, वहीं गाजीपुर को 2027 के आखिर तक पूरी तरह खाली करने का लक्ष्य रखा गया है। ये कचरा स्थल सालों से दिल्ली के लिए एक बड़ा पर्यावरणीय सिरदर्द बने हुए हैं, इसलिए अब अधिकारियों ने कहा है कि इस काम को अब और टाला नहीं जा सकता।
दिल्ली नई मशीनों से कचरा प्रोसेस करने की बढ़ा रही क्षमता
इन कचरा स्थलों को साफ करना एक बड़ी चुनौती है। दिल्ली में हर दिन 11,000 मीट्रिक टन से भी ज्यादा कचरा निकलता है और अभी भी 1.53 करोड़ मीट्रिक टन से ज्यादा पुराना कचरा इन ढेरों पर जमा है। इस पुराने कचरे का आधे से ज्यादा हिस्सा अकेले गाजीपुर लैंडफिल पर है। पहले भी सफाई के लिए कई समय-सीमाएं तय की गई थीं, लेकिन वे पूरी नहीं हो पाईं। इसकी मुख्य वजह यह थी कि जितना कचरा प्रोसेस होता था, उससे कहीं ज्यादा नया कचरा इन लैंडफिल पर आता रहता था।