बेंगलुरु-मुंबई के बीच 17 मई से शुरू होगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, सुविधाजनक होगा सफर
बेंगलुरु और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। 17 मई से एक नई ट्रेन चलने जा रही है। बेंगलुरु-मुंबई एक्सप्रेस SMVT बेंगलुरु और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलेगी। यह ट्रेन हुब्बल्ली-धारवाड़, बेलगावी और पुणे जैसे शहरों से होते हुए यात्रियों के सफर को और भी आसान बनाएगी।
हफ्ते में 2 बार होगा बेंगलुरु-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन
दक्षिण-पश्चिम रेलवे का कहना है कि यह नई ट्रेन छात्रों, प्रोफेशनल्स और सैलानियों, सभी के लिए काफी सुविधाजनक रहेगी। चाहे लोग काम से सफर कर रहे हों या घूमने-फिरने, यह सबके लिए एक बढ़िया साधन बनेगी। यह ट्रेन हफ्ते में 2 बार चलेगी और रास्ते में इसके 15 ठहराव होंगे, जिनमें तुमकुरु और ठाणे भी शामिल हैं। यह कुल 1,210 किलोमीटर का सफर 24 घंटे से कुछ ज्यादा समय में तय करेगी। स्लीपर क्लास के टिकट 750 रुपये से शुरू होंगे, साथ ही एसी कोच के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। इस ट्रेन का नियमित संचालन बेंगलुरु से 23 मई और मुंबई से 24 मई से शुरू होगा।