Page Loader
महाराष्ट्र: ठाणे में डिवाइडर से टकराकर ऑटो में लगी आग, महिला यात्री की जलकर मौत
महाराष्ट्र के ठाणे में ऑटो में आग लगने से महिला यात्री की जलकर मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर: unsplash)

महाराष्ट्र: ठाणे में डिवाइडर से टकराकर ऑटो में लगी आग, महिला यात्री की जलकर मौत

लेखन गजेंद्र
May 03, 2023
10:28 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार सुबह एक ऑटो डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। आग की चपेट में आने से ऑटो सवार महिला यात्री की जलकर मौत हो गई। घटना घोड़बंदर रोड पर गायमुख इलाके में सुबह 5:45 बजे हुई। दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से झुलस गया है। ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक, ऑटो चालक जब ठाणे शहर से भायंदर की ओर बढ़ रहा था जब उसने नियंत्रण खो दिया।

हादसा

ऑटो से निकल नहीं पाई थी महिला

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMV) के प्रमुख अविनाश सावंत ने मीडिया को बताया कि चालक के नियंत्रण खोने से ऑटो डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। महिला यात्री ऑटो में फंस गई और निकल नहीं सकी जिससे वह बुरी तरह जल गईं। उन्होंने बताया कि ऑटो चालक की पहचान 45 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।