
बेटे की शराब की लत से परेशान थे मां-बाप, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया
क्या है खबर?
तेलंगाना के वारंगल जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक दंपत्ति ने अपने एक बेटे को बांध कर जिंदा जला दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दंपत्ति अपने बेटे की शराब की लत से परेशान था।
वह अक्सर शराब के पैसे लेने के लिए अपने माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार करता था। इससे तंग आकर दंपत्ति ने उसे जिंदा जला दिया।
यह घटना मंगलवार को हैदराबाद से 200 किलोमीटर दूर मुस्थयलपल्लि गांव में हुई।
घटना
दंपत्ति ने पेट्रोल डालकर लगाई आग
42 वर्षीय महेश को शराब की लत थी। इससे परेशान होकर उसकी पत्नी दो महीने पहले अपने मायके चली गई थी।
उसके बाद से महेश शराब पीने के लिए पैसे मांगने अपने मां-बाप के पास जाता था।
जब वो उसे पैसे देने से मना करते तो वह उनके साथ मारपीट करता था।
मंगलवार को वह शराब पीकर आया और अपने मां-बाप से मारपीट शुरू कर दी। इससे तंग होकर दंपत्ति ने उसे बांधा और पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी।
जानकारी
मौके पर हुई महेश की मौत
जानकारी के मुताबिक, महेश वारंगल कृषि मंडी में बतौर क्लर्क काम करता था। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और दंपत्ति पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दूसरी घटना
बहु ने सास के साथ मिलकर पति की गर्लफ्रेंड और बेटे को जलाया
बीते सप्ताह राजस्थान के भरतपुर में एक महिला ने अपनी सास के साथ मिलकर अपने डॉक्टर पति की गर्लफ्रेंड और उसके बेटे को आग के हवाले कर दिया था।
बताया जा रहा है कि महिला और उसकी सास डॉक्टर की गर्लफ्रेंड से परेशान थी।
एक दिन उन्होंने जाकर उसके घर को आग लगा दी, जिसमें डॉक्टर की गर्लफ्रेंड औप उसका बेटा जलकर राख हो गए। घटना के बाद दोनों महिलाएं फरार है।