तेलंगाना: तेज रफ्तार लॉरी ने कार में टक्कर मारी, 2 बच्चों समेत 5 की मौत
तेलंगाना के नलगोंडा जिले में मिर्यालगुडा के पास रविवार रात को एक तेज रफ्तार लॉरी ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 5 लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा नारकेटपल्ली-अडानकी राजमार्ग पर हुआ। मृतकों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लॉरी चालक उनकी गिरफ्त में है।
आंध्र प्रदेश से लौट रहा था परिवार
पुलिस ने बताया कि कार में 2 परिवारों के 6 लोग सवार थे। सभी पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश की यात्रा से रविवार रात को घर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रही लॉरी ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार राजमार्ग पर दूसरी ओर जा गिरी। घटना के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।