TCS नासिक मामला: HR प्रमुख नहीं टेलीकॉलर थी आरोपी निदा खान, जमानत की याचिका लगाई
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में धर्म परिवर्तन और यौन शोषण से जुड़े मामले में अब एक और खुलासा हुआ है। मामले में एक महिला आरोपी निदा खान को फरार बताया जा रहा है, जो कंपनी में मानव संसाधन (HR) प्रमख थीं। अब बताया गया कि वह HR प्रमुख नहीं बल्कि टेलीकॉलर के पद पर थीं। उनके परिवार का यह भी कहना है कि वह फरार नहीं, बल्कि मुंबई स्थित अपने घर में परिवार के साथ हैं।
खुलासा
गर्भवती है निदा खान, कोर्ट में याचिका लगाई
निदा के परिवार ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि वह सेल्स टीम का हिस्सा थी और दिसंबर 2021 में BPO में शामिल हुई, वह वरिष्ठ कर्मचारी नहीं थी। उसके भाई ने बताया, "वह कभी भी HR टीम से नहीं जुड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल उसकी तस्वीर उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई थी। तस्वीर पर पदनाम अलग से जोड़ा गया है।" निदा ने नासिक की स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है और खुद को गर्भवती बताया है।
मामला
क्या है नासिक TCS का मामला?
पूरे देश में हड़कंप मचाने वाले इस मामले का खुलासा 26 मार्च को हुआ था। आरोप है कि TCS नासिक के कुछ कर्मचारियों ने 18-25 साल की महिला सहकर्मियों का यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन कराया। मामले में पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 7 पुरुष और एक महिला है। निदा खान भी आरोपी हैं, जो फरार हैं। मामले की SIT जांच चल रही है। कंपनी ने सभी आरोपियों को बर्खास्त कर दिया है।