जलगांव में खौफनाक मंजर, उफनती नदी के बीच पेड़ पर फंसा शख्स
महाराष्ट्र के जलगांव में लगातार बारिश के चलते अंजनी नदी का पानी इतना बढ़ गया कि सुरेश भील को बीच धार में एक पेड़ पर चढ़ना पड़ा। गांव वालों ने उन्हें पेड़ पर फंसा देख तुरंत मदद के लिए बुलाया, हालांकि, नदी के तेज बहाव के कारण बचाव दलों को उन तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। यह घटना उस वक्त सामने आई है जब पूरे महाराष्ट्र में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
IMD ने जारी किए अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश के अनुमान के बाद कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी कर दिए हैं। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में भी बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 100 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जहां एक तरफ मुंबई और पालघर जैसे जिलों में भारी बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में अभी तक बारिश का नामोनिशान भी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ से उफनती नदियों को पार करने या जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।