सूरत: कपड़ा गोदाम और 9 बीघा मैदान में लगी भीषण आग, छाया काले धुएं का गुबार
क्या है खबर?
गुजरात के सूरत में खरवासा क्षेत्र स्थित एकलेरा गांव के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़ा गोदाम और उसके बगल के मैदान में रखी कबाड़ सामग्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। गोदाम में कपड़ा, चिथड़े और अन्य ज्वलनशील कबाड़ सामग्री भारी मात्रा में जमा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहंची दमकल की 8 गाड़ियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
बचाव
राहत और बचाव कार्य जारी
राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे उप-मंडलीय अग्निशमन अधिकारी कृष्णा मोध ने बताया कि यह आग एकलेरा गांव में लगी है। गांव के बड़े मैदान में कबाड़ जमा था। सुबह किसी अज्ञात कारण से इसमें आग लग गई। यह पूरा मैदान लगभग 8 से 9 बीघा क्षेत्रफल में फैला हुआ है और पूरा मैदान आग की चपेट में आ गया है।
सूचना पर 7 से 8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
कारण
आग के कारणों और नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर लपटों को आसपास के रिहायशी या अन्य औद्योगिक इलाकों में फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं।
इस घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कुल संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।
इस आग के कारण आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
पुनरावृत्ति
गुजरात में पहले भी हो चुके हैं औद्योगिक अग्निकांड
गौरतलब है कि गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है।
इससे महज एक सप्ताह पहले 7 नवंबर को ही बावला-अहमदाबाद रोड पर स्थित लीमैक कंपनी के प्लांट में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई थी।
वह आग प्लांट की तीसरी मंजिल पर लगी थी, जहां चॉकलेट का उत्पादन किया जाता था। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उस आग पर काबू पाया जा सका था।