LOADING...
सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत मामले में लिया संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत मामले में संज्ञान लिया है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत मामले में लिया संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई

May 23, 2026
10:34 pm

क्या है खबर?

भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार ने स्वतः संज्ञान लिया है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सोमवार (25 मई) को इस मामले की सुनवाई करेगी। इस पीठ में जस्टिस जॉय माल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी शामिल हैं। मामले को 'एक युवती की उसके ससुराल में अप्राकृतिक मृत्यु में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं' शीर्षक के तहत सूचीबद्ध किया गया है।

प्रकरण

क्या है ट्विशा की मौत का मामला?

नोएडा निवासी 33 वर्षीय ट्विशा की भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में हुई मौत ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया और भारत में दहेज प्रथा पर एक तीखी बहस छेड़ दी। उसके ससुराल वालों का आरोप है कि वह नशे की आदी थी, वहीं परिवार ने दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके कारण उसकी मृत्यु हुई। मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की सिफारिश की है।

आत्मसमर्पण

ट्विशा के पति ने किया आत्मसमर्पण

ट्विशा के परिवार ने बार-बार दावा किया है कि उसके पति समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने भी मामले की कार्यवाही में देरी के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया। समर्थ सिंह ने 10 दिनों तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट परिसर पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसके बाद भोपाल की एक अदालत ने दहेज हत्या के कथित मामले में उसे 7 दिन के रिमांड पर भेजा है।

Advertisement

नोटिस

पुलिस ने गिरिबाला को जारी किया नोटिस

पुलिस ने ट्विशा की सास गिरिबाला को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया है क्योंकि उन पर पूछताछ के लिए पेश न होने का आरोप है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भी उन्हें नोटिस जारी कर भोपाल कोर्ट द्वारा दी गई अग्रिम जमानत को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 25 मई तक जवाब मांगा है। इधर, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ का लाइसेंस निलंबित कर दिया। वह अपने नाम के आगे वकील शब्द का प्रयोग नहीं कर पाएंगे।

Advertisement