सुप्रीम कोर्ट ने मेट्रो स्टेशन बंद करने पर नाराजगी जताई, CJI ने कहा- दोपहर तक खोलो
क्या है खबर?
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी छात्रों की वजह से दिल्ली मेट्रो के स्टेशन बंद करने पर नाराजगी जताई है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने गुरुवार सुबह कहा कि अगर दोपहर तक सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन नहीं खोला गया तो शीर्ष अदालत हस्तक्षेप करेगी। दरअसल, CJI सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष विकास सिंह के उस बयान का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने मेट्रो स्टेशन बंद होने के कारण हो रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया था।
सुनवाई
मेट्रो पर ही हो सकती है जांच
सिंह ने कहा कि मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले वकीलों और अदालत के कर्मचारियों की स्टेशनों पर जांच हो सकती है, ताकि किसी समस्या से बचा जा सके, लेकिन स्टेशन बंद नहीं होना चाहिए।
इस पर CJI ने कहा, "अगर दोपहर के भोजन तक इसे खोलने के लिए कुछ नहीं हुआ, तो मैं हस्तक्षेप करूंगा।"
उन्होंने न्यायाधीशों को निर्देश जारी किए हैं कि यदि विरोध-प्रदर्शनों के कारण वकील उपस्थित नहीं हो पाएं तो प्रतिकूल आदेश पारित न करें।
बंद
ये स्टेशन बंद हुए हैं
दिल्ली मेट्रो ने प्रदर्शन को देखते हुए गुरुवार को लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
यहां प्रवेश और निकासी गेट बंद है। हालांकि, यात्रियों को मेट्रो बदलने की सुविधा राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर मिलेगी।
बुधवार को भी स्टेशन बंद थे।