LOADING...
सुप्रीम कोर्ट का राम मंदिर मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार, कहा- आसमान नहीं गिर पड़ेगा
सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले में तत्काल सुनवाई से किया इनकार

सुप्रीम कोर्ट का राम मंदिर मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार, कहा- आसमान नहीं गिर पड़ेगा

लेखन गजेंद्र
Jun 29, 2026
12:58 pm

क्या है खबर?

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अयोध्या के राम मंदिर में हुई करोड़ों रुपये की चंदा चोरी के मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और शील नागू की आंशिक कोर्ट कार्यदिवस पीठ ने निर्देश दिया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मामले को सूचीबद्ध किया जाएगा। याचिका में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दान की चोरी की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या विशेष जांच दल (SIT) गठन की मांग है।

सुनवाई

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने क्या कहा?

कोर्ट में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने उपस्थित होकर आरोप को गंभीर प्रकृति का बताया। इस पर न्यायमूर्ति सुंदरेश ने याचिकाकर्ता से पूछा कि इस मामले में तत्काल सुनवाई क्यों आवश्यक है? याचिकाकर्ता ने कहा, "यह मामला बहुत गंभीर है। जल्दबाजी इसलिए है क्योंकि जिस तरह से राज्य सरकार इस मामले को देख रही है, उससे शक पैदा होता है।" पीठ ने कहा, "आसमान नहीं गिर पड़ेगा।" इसे कोर्ट के दोबारा खुलने के बाद पहले हफ्ते में सूचीबद्ध किया जाएगा।

सुनवाई

इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका

याचिका में दावा किया गया कि राज्य सरकार की ओर से गठित SIT के पास जटिल वित्तीय जांच के लिए जरूरी फोरेंसिक और जांच संसाधन नहीं हैं। आरोप है कि उसने FIR दर्ज किए बिना ही जांच शुरू कर दी। याचिकाकर्ता ने आशंका जताई कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों, जैसे CCTV और DVR, के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट अभी कम क्षमता के साथ काम कर रहा है और 13 जुलाई को पूरी क्षमता के साथ काम शुरू करेगा।

Advertisement

याचिका

याचिकाकर्ताओं की मांग

सुप्रीम कोर्ट में याचिका 2 वकीलों द्वारा दायर की गई है, जिसमें ट्रस्ट, उत्तर प्रदेश राज्य और भारत सरकार को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिका के अनुसार, राम मंदिर के निर्माण के लिए दिए गए सार्वजनिक दान के बेईमानी से दुरुपयोग, डायवर्जन और गबन के आरोप हैं। याचिकाकर्ताओं ने तत्काल FIR और निष्पक्ष-स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने मांग की ताकि संबंधित सबूत सुरक्षित हो सकें, फंड का पता लगाया जा सके, जिम्मेदारों की पहचान हो और सबूतों का छेड़छाड़ रुके।"

Advertisement

पेशी

आज आठों आरोपियों की कड़ी सुरक्षा में पेशी

राम मंदिर के दान गबन मामले पर पुलिस सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में उन 8 आरोपियों को पेश करेगी, जो मामले में पकड़े गए हैं। पुलिस उनको हिरासत में लेने का प्रयास करेगी। मामले की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी हो सकती है। आरोपियों की पेशी से पहले जिला न्यायालय की सुरक्षा बढ़ाई गई है। रविवार को पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापेमारी की है, जहां से आभूषण, महंगे उपकरण औऱ जमीन के दस्तावेज मिले हैं।

Advertisement