सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत पर रोक से किया इनकार, ये बताया कारण
क्या है खबर?
सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय में हनीमून के दौरान राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया हाई कोर्ट के उस फैसले पर आपत्ति जताई, जिसमें गिरफ्तारी ज्ञापन में एक धारा के उद्धरण में टाइपिंग त्रुटि के आधार पर ही सोनम को दी गई जमानत को बरकरार रखा गया था। फिर भी कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक नहीं लगाई।
फैसला
आदेश को चुनौती दे सकती है मेघालय पुलिस
न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति शील नागू की आंशिक कार्यदिवस पीठ ने प्रतिवादी को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है।
हालांकि, कोर्ट ने मेघालय राज्य द्वारा जमानत आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर विचार करने पर सहमति व्यक्त की।
मेघालय राज्य की ओर से पेश होते हुए भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जमानत आदेश को चौंकाने वाला बताते हुए कहा हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी के पूरे आधार प्रस्तुत न होने पर जमानत दी थी।
आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर जताई आपत्तियां
न्यायमूर्ति सुंदरेश ने कहा, "प्रथम दृष्टया, हमें हाई कोर्ट के फैसले पर कुछ आपत्तियां हैं। उन्हें गिरफ्तारी के आधार समझाए गए थे और यह आधार पिछली जमानत याचिकाओं में नहीं उठाया गया था। उसके बाद, अचानक आपको समझ आ गई और आपने यह आधार उठाया। क्या कोर्ट इस तकनीकी आधार पर जमानत देने में सही है कि गलत प्रावधान का हवाला दिया गया था, खासकर तब जब जमानत पहले योग्यता के आधार पर खारिज कर दी गई थी?"
आदेश
सोनम की जमानत खारिज करने का मन, लेकिन बाद में पलटा कोर्ट
बार एंड बेंच के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने शुरू में हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने का मन बनाया था, लेकिन महिला के जेल से रिहा होने के कारण उसने अपना मन बदल लिया।
कोर्ट ने कहा, "अगर उसे रिहा कर दिया गया है तो हम उसकी दोबारा गिरफ्तारी का आदेश नहीं दे सकते। हमें लगा कि उसे रिहा नहीं किया गया है।"
कोर्ट ने सुनवाई 9 जुलाई तक स्थगित कर सोनम को जवाब दाखिल करने को कहा है।
घटना
क्या है मामला?
मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई थी। वे पिछले साल मई 2025 में मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स में हनीमून मनाने गए थे, जहां से गिरकर राजा की मौत हो गई।
आरोप है कि हत्या को सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और 3 अन्य लोगों की मदद से अंजाम दिया था।
सोनम को जून 2025 में गिरफ्तार किया गया था। इस साल अप्रैल को हाई कोर्ट ने उसे जमानत दे दी।