छात्र आत्महत्या मामला: IIT बॉम्बे के खिलाफ FIR दर्ज, उठी निदेशक के इस्तीफे की मांग
क्या है खबर?
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR दर्ज की गई है। यह मामला शनिवार को तब दर्ज किया गया जब पवई परिसर में द्वितीय वर्ष एक छात्र ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन पर ChatGPT का इस्तेमाल करने पर फटकार मिलने के कुछ घंटों बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने संस्थान के खिलाफा धारा 108 के तहत जांच शुरू कर दी है।
गुहार
छात्रा के माता-पिता ने की मार्मिक गुहार
मृतक छात्र ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग का साहिल वाकोडे था।
उसकी मौत की सूचना के बाद कॉलेज पहुंचे उसके माता-पिता ने कहा, "हमें हमारे बेटे की मौत का जवाब चाहिए। वह हमारी इकलौती संतान था। मौत का स्पष्टीकरण मिलने तक हम मुख्य द्वार से नहीं हटेंगे।"
उन्होंने निदेशक शिरीष केदारे और छात्र मामलों के डीन सत्यनारायण दुल्ला की गिरफ्तारी की भी मांग की है और मांगों के पूरी होने तक शव न उठाने की चेतावनी दी है।
आरोप
छात्र को अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी देने का आरोप
साहिल शुक्रवार शाम को अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया था।
उसके साथी छात्रों ने बताया कि परीक्षा के दौरान उसे दूसरे छात्र की उत्तर पुस्तिका (आंसर शीट) देखते हुए पकड़ा गया था और परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उसे निलंबन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी दी गई थी।
हालांकि, IIT बॉम्बे ने कहा कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी।
खंडन
IIT बॉम्बे ने किया आरोपों का खंडन
संस्थान ने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्र प्रश्नपत्र को ChatGPT पर अपलोड करते हुए पाया गया था।
इस मामले पर उनके संकाय सदस्य और विभागाध्यक्ष द्वारा छात्र से चर्चा की गई थी, जिन्होंने उसे आश्वासन दिया था कि इससे उसके करियर पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
IIT बॉम्बे ने इस क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित लोगों को सहायता देने की बात कही है। जांचकर्ता इस दुखद घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।
प्रदर्शन
न्याय की मांग लेकर प्रदर्शन पर उतरे छात्र
शनिवार सुबह 200 से अधिक छात्रों ने मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया और प्रशासन से न्याय की मांग की।
मृतक छात्र एक अंतरराष्ट्रीय स्केटिंग और बैडमिंटन खिलाड़ी था, जो कक्षा 10 तक यवतमाल में पढ़ाई करने के बाद JEE की तैयारी के लिए नागपुर चला गया था।
पुलिस उपायुक्त (DCP) दत्तात्रय नलवड़े ने कहा कि जहां कुछ प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए हैं, वहीं अन्य अभी भी मौजूद हैं और उनके साथ बातचीत जारी है।
निलंबन
छात्रों ने की निदेशक के निलंबन की मांग
वाकोडे की मौत पिछले 7 महीनों में IIT बॉम्बे में छात्रों द्वारा की गई आत्महत्या का तीसरा मामला है।
फरवरी में 21 वर्षीय सिविल इंजीनियरिंग के छात्र नमन अग्रवाल की हॉस्टल 4 की छत से गिरने के बाद मौत हो गई।
जुलाई में मटेरियल साइंस के द्वितीय वर्ष का 20 वर्षीय छात्र सोहिल राजकुमार सांगवान छात्रावास में मृत मिला था।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन मनमानी करता है। ऐसे में निदेशक शिरीष केदारे को इस्तीफा देना चाहिए।