हवाई यात्रा का झंझट खत्म, 1 सितंबर से नहीं लगेगी बोर्डिंग पास पर स्टैंप
देश
1 सितंबर से देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत खत्म हो जाएगी। प्रवासन ब्यूरो यह बदलाव यात्रियों की सुविधा के लिए कर रहा है।
अब इमिग्रेशन काउंटर पर बस अपना ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा और आप आगे बढ़ पाएंगे। कागजी बोर्डिंग पास भी मान्य रहेंगे, लेकिन उन पर कोई स्टैम्प नहीं लगेगा।
स्टैम्पिंग की गलतियां कम करने के लिए बदलाव
यह बदलाव यात्रा को आसान बनाने और गलत स्टैम्पिंग से होने वाली गलतियों को कम करने के लिए है। दिल्ली में फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (FRRO) दीपक यादव ने जानकारी दी कि इस नई व्यवस्था के लिए हवाई अड्डों और सुरक्षा टीमों को तैयार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसका मकसद विदेश जाने वाले सभी लोगों के लिए इमिग्रेशन क्लीयरेंस को और भी सुविधाजनक बनाना है।