Page Loader
श्रीलंका का बड़ा कदम, नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान स्मारक पत्थरों पर दिखेगा 'भारत गणराज्य'
श्रीलंका में नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान स्मारक पट्टिकाओं पर दिखेगा भारत गणराज्य (प्रतीकात्मक तस्वीर: एक्स/@XNamaha)

श्रीलंका का बड़ा कदम, नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान स्मारक पत्थरों पर दिखेगा 'भारत गणराज्य'

लेखन गजेंद्र
Apr 04, 2025
01:30 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बैंकाक से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए अपनी आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो जाएंगे, जहां वे 6 अप्रैल तक रहेंगे। श्रीलंकाई अखबार डेली मिरर के मुताबिक, उनकी यात्रा को लेकर काफी तैयारी की गई है। इस दौरान मोदी द्वारा अनावरण किए जाने वाले स्मारक पट्टिकाओं पर भारत को 'इंडिया' की जगह 'भारत गणराज्य' के रूप में दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

पहल

श्रीलंकाई अधिकारी 'भारत' नाम का उपयोग करेंगे

रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी श्रीलंका में सामपुर सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखेंगे और दांबुला में शीत भंडारण परिसर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 5,000 धार्मिक स्थलों की 5,000 छतों पर सौर पैनल लगाने के कार्यक्रम का अनावरण होगा, जिसके स्मारक पट्टिकाओं पर भी 'भारत गणराज्य' लिखा होगा। यात्रा के दौरान श्रीलंकाई अधिकारी भी आधिकारिक संचार में 'भारत' नाम का उपयोग करेंगे। बता दें, भारत, इंडिया और हिंदुस्तान तीन आधिकारिक नाम में विदेशों में 'इंडिया' का प्रचलन ज्यादा दिखता है।

भारत

पहली बार G-20 सम्मेलन में किया गया था 'भारत' नाम का उपयोग

नरेंद्र मोदी की सरकार ने पहली बार दिल्ली में आयोजित G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले मेहमानों को आधिकारिक निमंत्रण पत्रों पर 'इंडिया' की जगह 'भारत' नाम का उपयोग किया था। इसके बाद इसका इस्तेमाल सरकार के अधिकारियों द्वारा आधिकारिक संचार में किया जाने लगा है। बता दें कि 2016 में 'इंडिया' की जगह 'भारत' नाम करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर हो चुकी है। हालांकि, कोर्ट ने जनहित याचिका खारिज कर दी थी।