H1N1 का बढ़ता प्रकोप: केरलम में अब तक हुई 88 लोगों की मौतें
H1N1 फ्लू के मामले दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों में तेजी से बढ़ रहे हैं। जबकि केरलम में फ्लू के मामलों और उससे होने वाली मौतों की संख्या काफी ज्यादा दर्ज हुई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अभी डरने या घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन अस्थमा और दूसरी पुरानी बीमारियों से जूज रहे बच्चों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। अगर उनमें फ्लू के कोई भी लक्षण दिखें, तो उन्हें तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
दिल्ली के मामले बढ़कर 1,344 हुए
पिछले साल दिल्ली में 229 मामले थे, जो इस साल बढ़कर 1,344 हो गए हैं। मुंबई में भी हालात ऐसे ही हैं, जहां मामलों में तेजी देखी गई है। बेंगलुरु के क्लेरेंस हाई स्कूल में भी इन्फ्लुएंजा जैसे बीमार पड़ने के 500 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। केरलम इस बीमारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अब तक 7,421 मामले और 88 मौतें दर्ज की गई हैं। इन मौतों में ज्यादातर 50 साल से ऊपर के लोग शामिल हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लक्षणों के दो दिन के भीतर शुरुआती टेस्ट करवाना, अच्छी साफ-सफाई रखना, बीमार बच्चों को स्कूल या बाहर न भेजना और हाई-रिस्क ग्रुप के लिए वैक्सीन लगवाना, ये सब बचाव के लिए बेहद कारगर साबित हो सकते हैं।