मुंबई के कोस्टल रोड पर पुल से गिरी तेज रफ्तार BMW कार, 3 दोस्तों की मौत
क्या है खबर?
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार BMW कार अनियंत्रित होकर कोस्टल रोड के पुल से नीचे गिर गई। इस घटना में कार सवार 3 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की मुख्य वजह कार का अत्यधिक रफ्तार में होना बताया जा रहा है।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
यह दर्दनाक हादसा रविवार सुबह तड़के करीब 5:20 बजे लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुआ।
लक्जरी BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर पुल की दीवार को तोड़कर नीचे आ गिरी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार 4 युवकों को नायर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शनाय गज्जल (21), धिर्या सेठ (17) और 25 वर्षीय अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया।
कार्रवाई
पुलिस ने अब तक क्या की कार्रवाई?
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हादसे के जिम्मेदार कार चालक को हिरासत में ले लिया और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
यह पता लगाने के लिए कि क्या चालक ने दुर्घटना के समय शराब पी रखी थी, पुलिस ने उसका मेडिकल भी कराया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज कर लिया है।