दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग 19 अप्रैल को 3 दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे
क्या है खबर?
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत की 3 दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं। वह 19 से 21 अप्रैल तक नई दिल्ली में राजकीय प्रवास पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि राष्ट्रपति म्युंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। उनके साथ प्रथम महिला किम हेया क्यूंग, मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। राष्ट्रपति ली की यह भारत की पहली यात्रा है।
दौरा
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
अपनी यात्रा के दौरान दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी के साथ जहाज निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अर्धचालक, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, जन-संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दोनों पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात होगी। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे।
यात्रा
8 साल बाद राजकीय यात्रा, भारत से वियतनमा जाएंगे राष्ट्रपति ली
यह किसी दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति की 8 साल बाद पहली राजकीय यात्रा है। इससे पहले राष्ट्रपति मून जे-इन जुलाई 2018 में राजकीय यात्रा पर आए थे। अपनी यात्रा पूरी कर राष्ट्रपति ली 21 अप्रैल को वियतनाम के लिए रवाना होंगे। बता दें, दक्षिण कोरिया अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों के बीच ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर भारत के साथ घनिष्ठ सहयोग बनाए रखना चाहता है। साथ ही, वह अपने नागरिकों के लिए आव्रजन और निवास प्रक्रियाओं से संबंधित दुश्वारी दूर करना चाहते हैं।