Page Loader
नौसेना में देश की पहली महिला पायलट बनेंगी शिवांगी स्वरूप, कोच्चि में ले रही हैं ट्रेनिंग

नौसेना में देश की पहली महिला पायलट बनेंगी शिवांगी स्वरूप, कोच्चि में ले रही हैं ट्रेनिंग

Nov 26, 2019
11:37 am

क्या है खबर?

वायुसेना के बाद नौसेना को भी देश की पहली महिला पायलट मिलने जा रही है। जी हाँ, जानकारी के अनुसार, बिहार की शिवांगी स्वरूप देश की पहली नौसेना पायलट होंगी। इससे पहले कोई भी महिला नौसेना में पायलट के रूप में शामिल नहीं की गई थी। इस समय शिवांगी केरल के कोच्चि में प्रशिक्षण ले रही हैं। ख़बरों के अनुसार, 04 दिसंबर को नौसेना दिवस पर होने वाले समारोह में शिवांगी को बैज लगाया जाएगा। आइए जानें।

जानकारी

शिवांगी उड़ाएँगी फ़िक्स्ड-विंग डोर्नियर सर्विलांस विमान

बता दें कि शिवांगी नौसेना कोच्चि में ऑपरेशन ड्यूटी में शामिल होंगी और फ़िक्स्ड-विंग डोर्नियर सर्विलांस विमान उड़ाएँगी। ये विमान कम दूरी के समुद्री मिशन पर भेजे जाते हैं। इस विमान में एडवांस सर्विलांस, रडार, नेटवर्किंग और इलेक्ट्रॉनिक सेंसर लगे होते हैं। पिछले साल जून में वाइस एडमिरल एके चावला ने औपचारिक तौर पर शिवांगी को नौसेना में शामिल किया था। उसके बाद से ही वो पायलट बनी हैं।

परिचय

कौन हैं शिवांगी स्वरूप?

शिवांगी बिहार के मुजफ्फरपुर से आती हैं। उन्होंने 2010 में DAV पब्लिक स्कूल से CBSE 10वीं की परीक्षा पास की थी। उसमें उन्हें 10 CGA मिला था। इसके बाद उन्होंने साइंस स्ट्रीम से 12वीं करने के बाद इंजीनियरिंग की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने M.Tech में एडमिशन लिया और उसके बाद SSB की परीक्षा पास करके नौसेना में सब-लेफ़्टिनेंट के रूप में चयनित हुईं। प्रशिक्षण के बाद उन्हें नौसेना की पहली महिला पायलट के रूप में चुना गया।

अन्य मामला

भावना कंठ बनी थीं भारतीय वायुसेना की पहली महिला पायलट

इसी साल भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग लेफ्टिनेंट भावना कंठ ने लड़ाकू विमान उड़ाकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कर लिया है। जुलाई 2016 में, भावना कंठ, अवनी चतुवेर्दी और मोहना सिंह को उड़ान अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया। पहले वायु सेना में फाइटर पायलट के तौर महिला पायलटों के उड़ान की अनुमति नहीं थी। वहीं, कराबी गोगोई नौसेना की पहली महिला डिफ़ेंस अटैची हैं। असिस्टेंट लेफ़्टिनेंट कमांडर गोगोई अगले महीने से रूस में तैनात की जाएँगी।