NEET पेपर लीक पर भड़का सुप्रीम कोर्ट, कहा- NTA ने पिछली गलतियों से सबक नहीं सीखा
क्या है खबर?
NEET पेपर लीक को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने परीक्षा कराने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को सख्त फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि ये बहुत दुख की बात है कि NTA ने अपनी पिछली गलतियों से कुछ नहीं सीखा है। कोर्ट ने NTA से यह भी पूछा कि उसके पुराने आदेशों के तहत गठित की जाने वाली निगरानी समिति का क्या हुआ।
टिप्पणी
कोर्ट ने NTA को दिया ये निर्देश
कोर्ट ने कहा, "हम परीक्षा पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह दुख की बात है कि उन्होंने सबक नहीं सीखा है। हमने एक आदेश पारित किया। एक समिति का गठन किया गया। उसने सिफारिशें दीं, जिन्हें स्वीकार कर लिया गया। एक निगरानी समिति भी थी। हम NTA को निर्देश देते हैं कि वह 14 नवंबर, 2024 को गठित निगरानी समिति के संबंध में अपनी स्थिति बताते हुए एक हलफनामा दायर करे।"
आदेश
कोर्ट ने सभी पक्षों को जारी किया नोटिस
कोर्ट ने NTA, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। पीठ ने न्यायमूर्ति राधाकृष्ण को परीक्षा सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए पहले गठित उच्चाधिकार समिति की सिफारिशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों को रिकॉर्ड पर रखने का भी निर्देश दिया है। 3 दिन के भीतर इसका जवाब देना होगा। इस मामले की आगे की सुनवाई 29 मई को होगी।
याचिका
याचिका में क्या मांग की गई है?
ये याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने दायर की है। इसमें NTA को बदलने या उसके ढांचे में बदलाव करने और न्यायिक निगरानी में दोबारा परीक्षा आयोजित करने के निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में कोर्ट से केंद्र सरकार को यह निर्देश देने की मांग की गई कि वह NEET के आयोजन के लिए NTA की जगह किसी 'मजबूत, तकनीकी रूप से उन्नत और स्वायत्त संस्था' को नियुक्त करे।
पेपर लीक
पेपर लीक के बाद रद्द की गई थी परीक्षा
3 मई को 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने NEET-UG की परीक्षा दी थी। हालांकि, पेपर लीक होने के चलते इसे 12 मई को रद्द कर दिया गया था। इस मामले की जांच CBI कर रही है, जिसने दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 प्रोफेसर हैं और NTA से जुड़े हुए हैं। NTA 21 जून को दोबारा से NEET की परीक्षा कराएगी।