Page Loader
नागरिकता कानून और NRC के बारे में बताने के लिए VHP और RSS करेंगे नुक्कड़ सभाएं

नागरिकता कानून और NRC के बारे में बताने के लिए VHP और RSS करेंगे नुक्कड़ सभाएं

Dec 23, 2019
12:37 pm

क्या है खबर?

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने देशव्यापी आंदोलन चलाने का फैसला किया है। इसके तहत दोनों संगठनों के कार्यकर्ता लोगों को नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन (NRC) के बारे में बताएंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कहा गया है कि इस कानून को लेकर भ्रम की स्थिति है, इसलिए लोगों को सही जानकारी देना जरूरी है।

जानकारी

देशभर में नुक्कड़ सभाएं करेंगे RSS और VHP

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, VHP के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि देशभर में नुक्कड़ सभाएं कर कार्यकर्ता लोगों को नागरिकता कानून और NRC के बारे में जागरूक करेंगे। हिंदू और मुसलमान, दोनों को इसकी सही जानकारी की जरूरत है।

बयान

योजना को लेकर क्या बोले VHP के पदाधिकारी

VHP की योजना की जानकारी देते हुए कुमार ने कहा कि दिल्ली में लगभग 2,000 नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी सभाएं आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून से ज्यादा समस्या NRC को लेकर है। मुसलमानों को यह बताने की जरूरत है कि यह देश जितना हिंदुओं का है, उतना ही उनका है। हिंदू राष्ट्र सांस्कृतिक अवधारणा है, जिससे मुस्लिमों को डरने की जरूरत नहीं है।

RSS

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के जरिए मुसलमानों तक पहुंचेगा RSS

मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, RSS ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (MRM) के जरिए मुसलमानों तक पहुंचने की योजना बनाई है। MRM के एक पदाधिकारी ने कहा कि उनके कार्यकर्ता कार्यशाला और दूसरे कार्यक्रमों के जरिए अल्पसंख्यक समुदाय तक पहुंचेंगे और उन्हें NRC और नागरिकता कानून के बारे में जानकारी देंगे। गौरतलब है कि नागरिकता कानून और प्रस्तावित NRC के खिलाफ छात्र, राजनीतिक पार्टियां और सामाजिक संगठन जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री का बयान

क्या NRC पर प्रधानमंत्री ने झूठ बोला?

एक तरफ गृह मंत्री अमित शाह संसद से लेकर चुनावी रैलियों तक में देशभर में NRC लागू करने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार में NRC शब्द पर चर्चा तक नहीं हुई है। वहीं मोदी ने डिटेंशन कैंप को लेकर कहा है कि हिंदुस्तान में कोई डिटेंशन सेंटर नहीं है, लेकिन असल में असम के गोलपारा में डिटेंशन कैंप बनकर तैयार हो गया है।