LOADING...
झारखंड: मास्क नहीं पहनने पर एक लाख रुपये जुर्माना, लॉकडाउन के उल्लंघन पर दो साल जेल

झारखंड: मास्क नहीं पहनने पर एक लाख रुपये जुर्माना, लॉकडाउन के उल्लंघन पर दो साल जेल

Jul 23, 2020
03:57 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा होता जा रहा है। वर्तमान में संक्रमितों की संख्या 12 लाख के पार पहुंच गई है। इसी बीच झारखंड सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। झारखंड में अब लॉकडाउन उल्लंघन करने पर दो साल की जेल होगी। इसी तरह मास्क नहीं पहनने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सरकार ने इसके लिए अध्यादेश पारित कर दिया है।

अध्यादेश

सरकार ने पारित किया यह अध्यादेश

झारखंड कैबिनेट ने बुधवार को संक्रामक रोग अध्यादेश 2020 को पारित कर दिया। इसमें कहा गया है कि राज्य में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इसके प्रसार को रोकने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। अध्यादेश के तहत राज्य में मास्क को अनिवार्य करते हुए बिना मास्क घूमने वाले लोगों पर एक लाख रुपये का जुर्माना तथा लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों को दो साल की जेल की सजा का प्रावधान किया है।

बयान

अभी पूर्ण रूप से पारित नहीं हुआ है अध्यादेश- स्वास्थ्य मंत्री

हेमंत सोरेन सरकार द्वारा संक्रामक रोग अध्यादेश 2020 पारित किए जाने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा, "अभी अध्यादेश पूर्ण रूप से पारित नहीं हुआ है। इसमें किसी पर मुकदमा होने और दोषी पाए जाने के बाद एक लाख का जुर्माना देना होगा। ऐसा नहीं है कि किसी को स्पॉट चेकिंग में पकड़े जाने पर एक लाख का जुर्माना देना होगा। हमारी सरकार पूरी जागरुकता के साथ कोरोना वायरस के खिलाफ मुहीम चला रही है।"

कारण

अध्यादेश पारित किए जाने के पीछे यह है बड़ा कारण

झारखंड सरकार की ओर अध्यादेश पारित करने के पीछे बड़ा कारण यह है कि वर्तमान में राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसके कारण अब सरकारी अस्पतालों में जगह नहीं बची है। संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए बेड नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में सरकार ने फैसला किया है अब प्राइवेट हॉस्पिटल और बैंकेट हॉल का इस्तेमाल आइसोलेश वार्ड बनाने में किया जाएगा। इससे मरीजों को राहत मिलेगी।

विरोध

सरकार के फैसले का विरोध कर रहे रांची के स्टेशन रोड के लोग

प्राइवेट हॉस्पिटल और बैंकेट हॉल में आइसोलेशन वार्ड बनाए जाने के निर्णय का रांची के स्टेशन रोड पर रहने वाले लोग विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड रिहायशी इलाकों में बनाया जा रहा है, इस वजह से उनकी जिंदगी खतरे में पड़ गई है। रांची के स्टेशन रोड पर रहने वाले 200 परिवारों ने विरोध जताते हुए आइसोलेशन वार्ड कहीं और बनाने की मांग की है।

संक्रमण

भारत और झारखंड में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

बीते 24 घंटों में देश में 45,720 नए मरीज मिले और 1,129 लोगों की मौत हुई। इसके साथ संक्रमितों की कुल संख्या 12,38,635 हो गई है। इनमें से 4,26,167 सक्रिय मामले हैं, 7,82,607 लोग ठीक हुए हैं और 29,861 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह झारखंड में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,458 पर पहुंच गई है। इनमें से 64 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3,024 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 3,397 है।