Page Loader
हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कारों की चपेट में आए प्रवासी मजदूर, दो की मौत

हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कारों की चपेट में आए प्रवासी मजदूर, दो की मौत

May 12, 2020
11:44 am

क्या है खबर?

लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में बड़ी संख्या में फंसे प्रवासी मजदूर अपने घरों की तरफ जा रहे हैं। इस दौरान इनके साथ हादसे होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में महाराष्ट्र में मालगाड़ी के नीचे आने से 15 मजदूरों की मौत हुई थी। अब ऐसे ही दो हादसे हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हुए हैं। यहां अपने घरों को लौट रहे दो मजदूर तेज गति से आ रहे वाहनों की चपेट में आकर जान गंवा बैठे।

अंबाला

तेज रफ्तार SUV ने दो मजदूरों को चपेट में लिया

पहला हादसा मंगलवार सुबह हरियाणा के अंबाला में हुआ। पुलिस ने बताया कि सड़क मार्ग से पैदल ही बिहार जा रहे दो प्रवासी मजदूर तेज रफ्तार से आ रही SUV की चपेट में आ गए। इससे एक की मौके पर मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज गति से आ रही SUV नियंत्रण से बाहर हो गई और मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

रायबरेली

ब्रेक फेल होने से हुआ कार हादसा

इसी तरह उत्तर प्रदेश के रायबरेली में हुए एक दूसरे हादसे में बिहार लौट रहे एक 25 वर्षीय मजदूर शिव कुमार दास की मौत हो गई। शिव साइकिल पर जा रहे प्रवासी मजदूरों के समूह में शामिल था। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने से एक कार नियंत्रण से बाहर हो गई और शिव की साइकिल को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। हादसे में कार ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।

पलायन

पैदल और साइकिलों पर घर लौट रहे मजदूर

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने मार्च में देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया था। इससे मजदूर की रोजी-रोजी पर संकट गहरा गया। इस कारण लॉकडाउन में तमाम पांबदियों के बीच बड़ी संख्या में मजदूरों ने पलायन किया। लगभग डेढ़ महीने बाद केंद्र सरकार ने मजदूरों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई, लेकिन टिकट के पैसे और टेढ़ी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के कारण कई मजदूर उनकी बजाय पैदल ही साइकिलों पर सफर कर रहे हैं।

हादसा

मध्य प्रदेश में गई थी पांच मजदूरों की जान

तीन दिन पहले मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई थी और 11 घायल हो गए थे। ये मजदूर ट्रक में छिपकर हैदराबाद से आए थे और उत्तर प्रदेश जा रहे थे। घायल हुए मजदूरों में से एक को तीन दिन से सर्दी, खांसी और बुखार था। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने पांच मृतकों समेत सभी 18 मजदूरों के सैंपल लिए थे ताकि इनका कोरोना वायरस टेस्ट किया जा सके।

हादसा

औरंगाबाद में मजूदरों के ऊपर से गुजरी थी मालगाड़ी

मध्य प्रदेश में हुए सड़क हादसे से दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए एक रेल हादसे में 16 प्रवासी मजूदरों की मौत हुई थी। लॉकडाउन के कारण फैक्ट्री होने के बाद ये मजदूर पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। पटरी के साथ-साथ चलते ये सभी मजदूर थकान के कारण पटरी पर सो गए। सुबह लगभग 5 बजे इनकी नींद खुलने से पहले ही मालगाड़ी इन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई।