LOADING...
एयर इंडिया के AI-171 विमान दुर्घटना की जल्द आएगी रिपोर्ट- उड्डयन मंत्री
एयर इंडिया के AI-171 विमान दुर्घटना पिछले साल जून में हुई थी

एयर इंडिया के AI-171 विमान दुर्घटना की जल्द आएगी रिपोर्ट- उड्डयन मंत्री

May 20, 2026
02:44 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बुधवार (20 मई) को कहा कि एयर इंडिया के AI-171 विमान दुर्घटना की जांच अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और रिपोर्ट जल्द ही जारी होने की उम्मीद है। रांची में बोलते हुए मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जांच पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह तरीके से की जा रही है, क्योंकि इस उड़ान में अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल थे और यह वैश्विक जांच के दायरे में आएगी।

जांच 

हादसे में हो सकती है फ्यूल कंट्रोल स्विचों की भूमिका

ये टिप्पणियां AI-171 दुर्घटना की जांच में फ्यूल कंट्रोल स्विचों की भूमिका पर बढ़ते ध्यान के बीच आई हैं। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो चुका था कि दुर्घटना से पहले विमान के स्विच 'रन' से 'कटऑफ' स्थिति में चले गए थे, जिससे इंजनों को ईंधन की आपूर्ति बंद हो गई थी। हालांकि, जांचकर्ताओं ने अभी तक यह निर्धारित नहीं किया है कि स्विच जानबूझकर, अनजाने में या किसी तकनीकी खराबी के कारण चले थे।

हादसा 

कब हुआ था हादसा?

पिछले साल 12 जून को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 229 यात्रियों, 12 चालक दल के सदस्यों सहित 260 लोगों की मौत हो गई। गुजरात के पीड़ित परिवारों ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में मदद के लिए कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर का डाटा जारी करने की मांग की है।

Advertisement