दिल्ली लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव: 2500 रुपये के लिए अब सांसद-विधायक की सिफारिश, क्या आप हैं पात्र?
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने वालों को अब एक नए नियम का पालन करना होगा। अब आवेदन करते समय आपको अपने क्षेत्र के सांसद या विधायक से सिफारिश पत्र साथ लगाना होगा। सरकार ने बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सिर्फ सही और जरूरतमंद महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिल सके।
जन प्रतिनिधि आवेदनों की सत्यता जांचने में सहयोग करेंगे। इस नए नियम से योजना के लाभार्थियों की संख्या भी घट सकती है।
लक्ष्मी योजना: पात्रता, दस्तावेज और किसे नहीं मिलेगा फायदा
इस योजना के तहत परिवार की सबसे बड़ी महिला को हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे। इसके लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी जरूरी है। परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए और महिला, उसके पति या उसके माता-पिता दिल्ली में कम से कम 10 साल से रह रहे हों।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, वोटर ID और पते व उम्र का प्रमाण पत्र जमा करना होगा। हालांकि, कुछ शर्तें ऐसी भी हैं जिनके तहत महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी।
मसलन, जिन महिलाओं के 3 से ज्यादा बच्चे हैं या जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है, वे पात्र नहीं होंगी। साथ ही, अगर परिवार के पास 4 पहिया वाहन है या वे साल भर में 2,400 यूनिट से ज्यादा बिजली का उपयोग करते हैं, तो भी उन्हें यह लाभ नहीं मिलेगा। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो जाएगी।