क्या सच में बदल सकेंगे 500-1000 के पुराने नोट? सरकार ने बताई स्थिति
आपने शायद सुना होगा कि 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों को बदलने के लिए नए नियम आ रहे हैं। लेकिन प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने साफ किया है कि यह खबर बिल्कुल गलत है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से ऐसी कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। दरअसल, इन नोटों को तो काले धन से निपटने के लिए साल 2016 में ही बंद कर दिया गया था और इन्हें बदलने की समय-सीमा बहुत पहले ही खत्म हो चुकी है।
PIB दे रहा है वॉट्सऐप और ईमेल के जरिए फैक्ट चेक
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो ने सभी को एक बार फिर याद दिलाया है कि ऑनलाइन मिलने वाली किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसकी सच्चाई ज़रूर जांच लें। अगर आपको सरकार के किसी नियम या घोषणा से जुड़ा कोई भ्रामक संदेश मिलता है, तो आप सीधे PIB को वॉट्सऐप या ईमेल पर भेजकर उसकी सच्चाई पता कर सकते हैं। अफवाहों और गलत जानकारियों से बचने के लिए, हमेशा विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए।