राजस्थान पंचायत चुनाव: विधायक के PA की पत्नी हारी, खंभों से उतरवाई 50 रोड लाइटें
क्या है खबर?
राजस्थान के टोंक जिले के पीपलू में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने चुनावी राजनीति और विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। यहां पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 में पंचायतीराज चुनाव के नतीजे आने के 3 घंटे बाद भाजपा प्रत्याशी और निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) आलोक शर्मा की की पत्नी की हार के चलते खंभों से करीब 50 रोड लाइटें हटा ली गईं, जिससे इलाके में सियासी घमासान मच गया है।
लाइट
चुनाव के दौरान लगी थीं लाइटें
पंचायतीराज चुनाव के नतीजों में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। इसके कुछ ही घंटे बाद वार्ड में लगी रोड लाइटों को हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई।
आरोप है कि परिणाम आने के महज 3 घंटे के भीतर बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और एक-एक कर करीब 50 लाइटें खंभों से उतार ली।
लोगों के बीच सवाल उठने लगे कि आखिर चुनाव परिणाम आते ही लाइटें हटाने की इतनी जल्दी क्यों दिखाई गई।
सवाल
क्या वोट नहीं तो विकास भी नहीं?
लाइटें हटने के बाद वार्ड की गलियों में फिर अंधेरा छा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी।
अब प्रत्याशी की हार के बाद उन सुविधाओं को वापस ले लिया गया। लोगों का कहना है कि विकास किसी प्रत्याशी की जीत या हार पर निर्भर नहीं होना चाहिए।
चुनाव में किसे वोट देना है, यह जनता का अधिकार है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं सभी को मिलनी चाहिए।
सवाल
जिम्मेदारी पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने बिजली निगम की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर किसके निर्देश पर 50 रोड लाइटें लगाई गई थी और किसके आदेश पर उन्हें हटाया गया? क्या इन लाइटों को लगाने और हटाने की प्रक्रिया नियमानुसार हुई? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं।
पीपलू के वार्ड नंबर 2 में खाली पड़े बिजली के खंभे अब चुनावी राजनीति और विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।