राजस्थान के झुंझुनू में सड़क निर्माण के दौरान दौड़ा करंट, 8 मजदूरों की मौत
क्या है खबर?
राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन एग्रीगेट मिक्सिंग मशीनरी से टकरा गई, जिससे 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 ने अस्पताल में दम तोड़ा। अन्य 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
राजस्थान पत्रिका के मुताबिक, सड़क निर्माण का काम कदम कुंड मार्ग पर चल रहा था। तभी कंक्रीट मिक्सिंग मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई।
इस दौरान मशीन के साथ खड़े मजदूरों को भयंकर करंट लगा। घटना के बाद मौके पर हाहाकार मच गया और लोगों ने बिजली विभाग से संपर्क किया।
हादसे की खबर पाकर आसपास गांव के लोग भी जमा हो गए। उन्होंने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
हादसा
मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया
मुख्यमंत्री भजनलाल ने हादसे का संज्ञान लिया है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।'
घटना की जांच भी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने इसे लापरवाही का मामला बताया है। मौके पर पुलिस भी पहुंची है।