अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार में लगी आग, परिवार के 5 लोग जिंदा जले
क्या है खबर?
राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार देर रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 5 लोग जिंदा जल गए। हादसा मौजपुर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। आग की चपेट में आई अर्टिगा कार में सवार सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर में चैनपुरा के रहने वाले थे और एक ही परिवार के थे। आग बुझाने के बाद कार में केवल अस्थियां मिली हैं। किसी की पहचान नहीं हो सकी।
हादसा
वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार सवार परिवार बेटे की नौकरी की मन्नत पूरी होने पर वैष्णो देवी गया था और वहीं से दर्शन करके लौट रहा था। तभी लगभग साढ़े 11 बजे कार में आग लग गई। पुलिस को शक है कि अचानक शॉर्ट सर्किट से कार में आग लगी और लोगों को उतरने का मौका नहीं मिला। कुछ देर में कार आग का गोला बन गई और सभी लोग उसी में फंसकर जल गए।
जांच
कार चालक ने कूदने की कोशिश की, लेकिन 80 प्रतिशत जले
पुलिस ने बताया कि CNG कार होने के कारण आग ने तेजी से भयावह रूप धारण कर लिया। मृतकों में 3 महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष बताए जा रहे हैं। कार चला रहे श्योपुर के विनोद कुमार मेहर ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की थी, लेकिन वे 80 प्रतिशत झुलस गए हैं और अलवर में भर्ती हैं। पुलिस ने सभी अस्थियों को पोटली में रखा है और पहचान के लिए DNA नमूने लेगी।