रेलवन रह जाएगा अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए एकमात्र प्लेटफॉर्म, UTS ऐप होगा बंद
क्या है खबर?
भारतीय रेलवे ने UTS मोबाइल ऐप को 1 मार्च, 2026 से बंद करने की घोषणा की है। इसके स्थान पर रेलवन ऐप अनारक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए एकमात्र अधिकृत प्लेटफॉर्म बन जाएगा। इस कदम का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देना और टिकट बुकिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। उपयोग को बढ़ावा देने के लिए रेलवे 14 जनवरी से रेलवन ऐप के माध्यम से की गई टिकट बुकिंग पर 3 फीसदी की छूट प्रदान करेगा।
प्रदर्शन
दक्षिण रेलवे का ऐप पर शानदार प्रदर्शन
रेलवे बोर्ड के अनुसार, दक्षिणी रेलवे ने मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 29.5 फीसदी अनारक्षित टिकटों की बुकिंग हासिल की है, जिससे यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जोन में शुमार हो गया है। बोर्ड ने दक्षिणी रेलवे को अपने प्रयासों को और तेज करने और 1 मार्च, 2026 तक रेलवन ऐप के माध्यम से मोबाइल आधारित अनारक्षित टिकट बुकिंग का 40 फीसदी लक्ष्य हासिल करने की सलाह दी है। इसके उपयोग को बढ़ाने के लिए यात्री जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
शुरुआत
पिछले साल हुई थी ऐप की शुरुआत
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जुलाई, 2025 में रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) के 40वें स्थापना दिवस पर रेलवन का शुभारंभ किया था। यह ऑल-इन-वन एप्लिकेशन एंड्रॉयड प्ले स्टोर और iOS ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। इसमें अनारक्षित टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, ई-कैटरिंग और शिकायत निवारण जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। बता दें कि UTS ऐप को धीरे-धीरे बंद किया जा रहा है और 'सीजन टिकट' का विकल्प पहले ही समाप्त कर दिया गया है।