Loading...
पंजाब के LPU में हिंसक प्रदर्शन की SIT ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाला
पंजाब के LPU में हिंसक प्रदर्शन की SIT ने शुरू की जांच

पंजाब के LPU में हिंसक प्रदर्शन की SIT ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाला

लेखन गजेंद्र
Sep 29, 2026
01:54 pm

क्या है खबर?

पंजाब के फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (LPU) में पिछले दिनों हुए हिंसक प्रदर्शन की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच शुरू हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) के सदस्यों ने परिसर में CCTV फुटेज और अन्य सबूतों को इकट्ठा करना शुरू किया है, ताकि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने परिसर का दौरा कर हिंसा को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।

लाठीचार्ज

छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग न करने का आदेश

गौरव यादव ने कहा कि पुलिस ने संयमित दृष्टिकोण अपनाते हुए छात्रों और विश्वविद्यालय अधिकारियों को बातचीत की मेज पर लाने के लिए प्रयास किए हैं।

उन्होंने कहा कि छात्र हमारे बच्चे हैं और उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पुलिसकर्मियों को छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग न करने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

जालंधर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नवीन सिंगला ने बताया कि छात्रों के खिलाफ कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया।

विवाद

LPU में क्यों हुए हिंसक प्रदर्शन?

विश्वविद्यालय परिसर में 27 सितंबर की रात LPU के महिला छात्रावास-3 को लेकर खबर फैली की यहां रहने वाली छात्रा के साथ कुछ बाहरी लोगों ने रेप किया है, जिसके बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

विश्वविद्यालय प्रशासन पर घटना को दबाने का आरोप लगा, जिसके बाद छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और प्रदर्शन शुरू हो गए।

रविवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया और पुलिस-छात्रों के बीच झड़प हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 अवरुद्ध कर दिया और वाहनों को आग लगाई गई।

ADVERTISEMENT

जानकारी

10 दिन के लिए स्थगित हैं कक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं निलंबित की है। साथ ही, विश्वविद्यालय की मध्यावधि परीक्षाएं भी अगली सूचना तक स्थगित कर दी हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय प्रबंधन प्रणाली (UMS) के जरिए छात्रों को बताया जाएगा।

ADVERTISEMENT