LOADING...
पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, निजी स्कूल अब 5 प्रतिशत से ज्यादा नहीं बढ़ा सकेंगे फीस
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी पर रोक लगाई

पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, निजी स्कूल अब 5 प्रतिशत से ज्यादा नहीं बढ़ा सकेंगे फीस

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2026
04:55 pm

क्या है खबर?

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी से लोगों को राहत दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को ऐलान किया है कि अब कोई भी निजी स्कूल साल में 5 प्रतिशत से ज्यादा फीस की बढ़ोतरी नहीं कर पाएगा। मुख्यमंत्री मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिन स्कूलों ने पिछले 3 सालों में 15 प्रतिशत से ज्यादा फीस बढ़ाई है, उन्हें वह अतिरिक्त राशि तुरंत अभिभावकों को वापस करनी होगी।

आदेश

फीस को लेकर अभिभावकों के आ रहे थे सैकड़ों फोन- मान

मुख्यमंत्री मान ने एक्स पर फैसले की जानकारी देते हुए लिखा, 'अमृतसर में हुई दुखद घटना के बाद, पिछले 24 घंटों में मुझे अभिभावकों के सैकड़ों फोन आए, जिनमें उन्होंने निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने की शिकायत की। बच्चों के भविष्य और अभिभावकों की इस बड़ी समस्या को देखते हुए, आप की सरकार ने एक बहुत कड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब पंजाब में कोई निजी स्कूल सालाना 5 प्रतिशत से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा पाएगा।'

फैसला

अध्यादेश लाएगी सरकार

मुख्यमंत्री मान ने बताया कि फैसले को स्थायी रूप से लागू करने के लिए जल्द ही एक अध्यादेश लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो 5 प्रतिशत फीस बढ़ाई जाएगी, उसमें न केवल ट्यूशन फीस शामिल होगी, बल्कि स्कूलों द्वारा लिए जाने वाले अन्य सभी अनिवार्य शुल्क भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश में सबसे सख़्त नियम होगा और किसी भी स्कूल को छूट नहीं मिलेगी। पंजाब में शिक्षा के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Advertisement