
पंजाब: पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी से जुड़े 2 लोग जासूसी के आरोप में गिरफ्तार
क्या है खबर?
पंजाब के मलेरकोटला पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने दिल्ली स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग में तैनात एक अधिकारी को जासूसी गतिनिधियों से जुड़ी जानकरी देने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इन आरोपियों में एक पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर को भारतीय सेना की महत्वपूर्ण जानकारी लीक कर रहा था और दूसरा चालक है जो जासूसी में उसकी मदद कर रहा था।
पुलिस अब दोनों से पूछताछ करने में जुटी है।
सफलता
पुलिस को कैसे मिली सफलता?
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।
DGP ने बताया कि इस संदिग्ध पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी के जरिए एक पाकिस्तानी हैंडलर को भारतीय सेना की महत्वपूर्ण जानकारी लीक की थी। वह गोपनीय जानकारी के बदले ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से भुगतान प्राप्त कर रहा था।
कबूलनामा
आरोपी ने खुद को बताया पाकिस्तानी नेटवर्क का हिस्सा
DGP ने बताया कि गिरफ्तार दूसरा आरोपी एक चालक है, जो जानकारी लीक करने वाले आरोपी की मदद करता है। आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह एक नेटवर्क का हिस्सा था, जो पाकिस्तान से निर्देश प्राप्त कर भारत में अपने स्थानीय गुर्गों तक धन पहुंचाता था।
पुलिस ने आरोपियों से 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जो जासूसी गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा से भरे हुए थे। पुलिस ने FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।