पुणे पुलिस बनी गांजा विक्रेता, कार्रवाई में 86 लोगों को दबोचा
पुणे की एंटी नारकोटिक्स टीम ने हाल ही में एक बड़ा अंडरकवर अभियान चलाया। खरीदार बनकर उन्होंने 2 संदिग्ध गांजा पेडलर्स (गांजा बेचेने वाले) को गिरफ्तार किया और करीब एक किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। इस गांजे की कीमत 73,800 रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई हाडपसर-फुरसुंगी इलाके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पुराना अपराधी युवाओं का एक समूह तैयार कर एक संगठित गांजा वितरण नेटवर्क चला रहा था।
पुलिस ने 84 संदिग्ध गांजा खरीदारों को हिरासत में लिया
पेडलर्स को पकड़ने के बाद पुलिस ने अपनी भूमिका बदली और खुद बेचने वाले बन गए। एक घंटे के भीतर ही, 84 संदिग्ध गांजा खरीदार, जिनमें छात्र और पेशेवर भी थे, गांजा खरीदने के लिए अंडरकवर पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। जिन लोगों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और जो सिर्फ गांजा खरीदने आए थे, उन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर छोड़ दिया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तेजस्विनी सत्पुते ने बताया कि अब वे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रहे हैं और उनके पैसों के लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है।