पुणे: 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म फिर हत्या, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; क्या-क्या पता है?
क्या है खबर?
पुणे में 4 साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या की सनसनीखेज वारदात ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया है। घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर दिया। इस दौरान हाईवे के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने काफी देर तक लोगों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया। वहीं, घटना को लेकर राज्य में सियासी पारा भी चढ़ा हुआ है।
प्रदर्शन
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाया
दरअसल, बीती रात बच्ची के परिजनों ने नवाले ब्रिज इलाके में आरोपी को कड़ी सजा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और हालात तब बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे को जाम करने की कोशिश की। इससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। पुणे ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को वडगांव पुल वाले रास्ते से न निकलने की सलाह दी।
महिला आयोग
राष्ट्रीय महिला आयोग भी हुआ सक्रिय
घटना का राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने कहा कि यह जघन्य अपराध गहरी पीड़ा और आक्रोश उत्पन्न करता है। आयोग ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) को मामले का संज्ञान लेकर जांच की निगरानी सुनिश्चित करने, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और मुआवजा देने, POCSO के तहत समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
आरोपी
आरोपी 7 मई तक पुलिस हिरासत में
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को पुणे के सत्र न्यायालय ने 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करते वक्त लोगों ने पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की। वहीं, सैकड़ों ग्रामीण पुलिस थाने पर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
सियासत
संजय राउत बोले- मुख्यमंत्री महीनों तक चुनावों में रहते हैं
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "अपराधियों में कानून और सरकार का डर नहीं है। लोग कहां-कहां से आते हैं और इस तरह की वारदातों को अंजाम देकर बच जाते हैं। इसके लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो यह सरकार है। मुख्यमंत्री-गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कानून व्यवस्था राजनीति में उलझी पड़ी है। VIP की सुरक्षा में व्यस्त है। मुख्यमंत्री एक-एक महीने तक तमिलनाडु, केरल, असम और बंगाल के विधानसभा चुनावों में जाते हैं। ऐसे में यहां हालात कौन संभालेगा?"
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री बोले- मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को 'मानवता पर कलंक' बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और दोषी के लिए मौत की सजा की मांग की जाएगी। NCP (SP) नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने आरोपी को कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को कलंकित करने वाली है।
घटना
क्या है बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला?
पुणे के भोर तहसील के नसरापुर में 4 वर्षीय मासूम अपनी नानी के घर आई थी। तभी बाहर खेलते हुए उसे 65 वर्षीय आरोपी भीमराव कांबले बहला फुसला कर तबेले में ले गया और दुष्कर्म किया। फिर मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को गोबर के ढेर में छिपा दिया। बाद में लोगों को बच्ची का शव मिला। पुलिस को CCTV फुटेज में आरोपी को बच्ची को तबेले में ले जाता हुआ दिखाई दिया।