Loading...
अब ज्यादा समय तक चलेंगे BS-VI कारों के लिए प्रदूषण प्रमाण पत्र, नियमों में किया बदलाव
सरकार ने वाहनों के PUC सर्टिफिकेट नियमों में बदलाव किया है

अब ज्यादा समय तक चलेंगे BS-VI कारों के लिए प्रदूषण प्रमाण पत्र, नियमों में किया बदलाव

Nov 19, 2026
04:14 pm

क्या है खबर?

सरकार ने 'पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल' (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव किया है। इसके तहत, BS-VI वाहनों को रिन्यूअल के लिए अधिक समय मिलेगा, जबकि पुराने वाहनों को बार-बार जांच करानी होगी। नए नियमों के अनुसार, 6 साल तक पुराने निजी BS-VI वाहनों को 3 साल में एक बार PUC सर्टिफिकेट लेना होगा। 6 साल से अधिक और 10 साल तक के पुराने वाहनों को हर साल और इससे पुराने को हर 6 महीने में रिन्यू कराना होगा।

कारण

इस कारण किया गया है बदलाव

यह कदम दिल्ली सरकार के उस व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सर्दियों के प्रदूषण से निपटना है।

इस योजना में PUC नियमों को सख्ती से लागू करना, 'नो PUC, नो फ्यूल' नीति और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर पाबंदियां लगाना शामिल है।

यह योजना 1 नवंबर से अगले साल 28 फरवरी तक लागू रहेगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी PUC नियमों के तहत BS-VI मानकों वाले वाहनों की वैधता अवधि भी बढ़ाई गई है।

संशोधन 

मोटर वाहन अधिनियम में किया बदलाव

BS-I, BS-II और BS-III उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों के लिए PUC प्रमाणपत्र 3 महीने तक मान्य होंगे।

BS-IV मानकों का पालन करने वाले वाहनों के लिए इनकी वैधता अवधि 6 महीने होगी।

ये बदलाव मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत 'केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026' के माध्यम से अधिसूचित किए गए हैं और आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही लागू हो गए हैं।

ADVERTISEMENT

लागू 

कब से लागू होगा नवीनीकरण?

संशोधित नियमों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नवीनीकृत प्रमाणपत्र कब से प्रभावी होंगे?

अगर, किसी मौजूदा प्रमाणपत्र की समाप्ति से 10 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जाता है तो नवीनीकृत प्रमाणपत्र पिछले की समाप्ति तिथि से ही प्रभावी हो जाएगा।

अन्य सभी मामलों में जहां प्रमाणपत्र की समय-सीमा समाप्त होने के बाद नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जाता है, वहां नया प्रमाणपत्र नवीनीकरण की तारीख से प्रभावी होगा।

ADVERTISEMENT