मोदी ने फ्रांस, ओमान-मलेशिया के राष्ट्राध्यक्षों से बात की, मध्य-पूर्व में तनाव कम करने पर जोर
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच गुरुवार को फ्रांस, मलेशिया और ओमान के राष्ट्राध्यक्ष से बात की और मामले पर चिंता जताई। उन्होंने तीनों देशों के प्रमुखों से बात करते हुए तनाव को बातचीत और कूटनीति के माध्यम से हल करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया है। इस मौके पर उन्होंने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक को ईद और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को 'हरि राया ऐदिलफ़ित्री' त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
बयान
फ्रांस के राष्ट्रपति से क्या बोले मोदी?
मोदी ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात करते हुए पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के साथ-साथ कूटनीति की ओर लौटने की तत्काल आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि हम इस क्षेत्र और उससे बाहर भी शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपना घनिष्ठ समन्वय जारी रखने के लिए तत्पर हैं। मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम से भी मोदी ने कूटनीति से तनाव कम करने और जल्द शांति व स्थिरता बहाल करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
बातचीत
ओमान से होर्मुज को लेकर बात
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बताया कि उन्होंने ओमान के सुल्तान से देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की भारत की निंदा को दोहराया, और भारतीय नागरिकों सहित हज़ारों लोगों की सुरक्षित वापसी में मदद करने के लिए ओमान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और ओमान होर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित और मुक्त आवागमन के पक्षधर हैं। बता दें कि ओमान भी ईरानी ड्रोन मिसाइल हमलों का पीड़ित है।