LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की, जानिए ईरानी हमलों पर क्या कहा
प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से फोन पर बात की (फाइल तस्वीर)

प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की, जानिए ईरानी हमलों पर क्या कहा

लेखन गजेंद्र
Mar 18, 2026
06:46 pm

क्या है खबर?

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से बात की। मोदी ने उनको आगामी ईद के त्योहार पर शुभकामनाएं दीं और पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति और हाल के घटनाक्रमों पर अपनी चिंताएं साझा कीं। मोदी ने कुवैत में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई के लिए लगातार समर्थन के लिए क्राउन प्रिंस का आभार भी जताया है।

बयान

मोदी ने क्राउन प्रिंस से क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद एक्स पर लिखा, 'कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से बात की और ईद के त्योहार पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया और हाल के घटनाक्रमों पर अपनी चिंताएं साझा कीं। कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की भारत द्वारा की गई निंदा को हमने फिर से दोहराया। होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'

बयान

कुवैत पर जारी है ईरान का हमला

मोदी ने आगे लिखा, 'हम इस बात पर सहमत हुए कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए निरंतर कूटनीतिक जुड़ाव अत्यंत आवश्यक है। कुवैत में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई के लिए लगातार समर्थन देने हेतु मैंने उनका आभार व्यक्त किया।' मोदी ने ऐसे समय पर क्राउन प्रिंस से ये बात की है, जब कुवैत ईरानी हमलों का सामना कर रहा है। ईरान का खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमला जारी है।

Advertisement