LOADING...
प्रधानमंत्री दिसंबर में जा सकते हैं अमेरिका, G-20 सम्मेलन में शामिल होंगे; कनाडा भी जाने की चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर में अमेरिका का दौरा कर सकते हैं (फाइल तस्वीर)

प्रधानमंत्री दिसंबर में जा सकते हैं अमेरिका, G-20 सम्मेलन में शामिल होंगे; कनाडा भी जाने की चर्चा

लेखन आबिद खान
Jun 30, 2026
03:48 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी साल दिसंबर में अमेरिका और कनाडा की यात्रा कर सकते हैं। अमेरिका में वे G-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। अमेरिका 2009 के बाद पहली बार इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पुष्टि की है कि इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया जा चुका है। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी कनाडा के दौरे पर भी जा सकते हैं।

बयान

अमेरिकी विदेश मंत्री ने दिया निमंत्रण

अमेरिकी राजदूत गोर ने कहा कि साल के अंत में होने वाले G-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक भारत सरकार ने इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। गोर ने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को इसका निमंत्रण दिया था। G-20 शिखर सम्मेलन मियामी फ्लोरिडा में 14-15 दिसंबर को आयोजित होने वाला है।

कनाडा

कनाडा दौरे पर क्या हो सकता है?

कनाडा में प्रधानमंत्री की संभावित यात्रा के दौरान दोनों देशों में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों देशों ने पिछले साल के अंत में CEPA वार्ता औपचारिक रूप से शुरू की थी, जिसका उद्देश्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना है। जस्टिन ट्रुडो के कार्यकाल में भारत-कनाडा के रिश्ते सबसे खराब दौर में थे। मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद रिश्तों में सुधार हुआ है। इस लिहाज से ये दौरा अहम रहेगा।

Advertisement

ट्रंप का दौरा

ट्रंप अगले साल की शुरुआत में आ सकते हैं भारत

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसकी जानकारी दी थी। रुबियो ने कहा कि वे खुद राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने और दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। अगर ट्रंप आते हैं, तो ये उनका दूसरा भारत दौरा होगा।

Advertisement

मुलाकात

इसी महीने फ्रांस में हुई थी मोदी-ट्रंप की मुलाकात

इस महीने की शुरुआत में फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी ने ट्रंप से मुलाकात की थी। इस दौरान व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत ने ओमान के तट पर अमेरिकी सेना द्वारा भारतीय नाविकों की हत्या का मुद्दा भी उठाया था। अमेरिकी सेना का दावा है कि वे उन जहाजों पर सवार थे जो ईरान से तेल लाने वाले गुप्त बेड़ों का हिस्सा थे।

Advertisement