LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी 13-18 जून तक फ्रांस में G-7 शिखर सम्मेलन लेंगे हिस्सा, स्लोवाकिया भी जाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी 13-18 जून तक फ्रांस में G-7 शिखर सम्मेलन लेंगे हिस्सा, स्लोवाकिया भी जाएंगे

Jun 09, 2026
08:55 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13-14 जून (नीस) और 16-19 जून (एवियन और पेरिस) तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इसके साथ ही वह 14-16 जून तक स्लोवाकिया का भी दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस वर्ष की शुरुआत में उन्नत किया गया था।

कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों करेंगे 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन

नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जिसमें भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और उद्यमी एक साथ आएंगे। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद जीवंत नवाचार साझेदारी को और मजबूत करता है। दोनों नेताओं द्वारा भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है।

दौरा

प्रधानमंत्री मोदी 14 से 16 जून तक करेंगे स्लोवाकिया का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, स्लोवाकिया गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर स्लोवाकिया की यात्रा करेंगे। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री फिको से बातचीत करेंगे और सहयोग के रास्ते तलाशेंगे। इसी तरह राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। यह दौरा व्यापार, निवेश और रेलवे विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती में भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगा।

Advertisement

सम्मेलन

प्रधानमंत्री मोदी G-7 शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री मोदी 16-17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसमें वह G-7 नेताओं और आमंत्रित भागीदार देशों तथा अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। शिखर सम्मेलन के सत्र 'नए साझेदारियों का निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण', 'सभी के लिए संतुलित, साझा और सतत आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करना' और 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता का सुरक्षित, तीव्र और कुशल कार्यान्वयन सुनिश्चित करना' विषयों पर केंद्रित होंगे।

Advertisement

सम्मेलन

प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को विवाटेक शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को आगे की द्विपक्षीय बैठकों के लिए और यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम, विवाटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पेरिस जाएंगे। उनके पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करने की भी उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी की आगामी यूरोप यात्रा से फ्रांस, स्लोवाकिया और G-7 देशों के साथ भारत की साझेदारी और गहरी होगी। G-7 में उनकी उपस्थिति वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारत की अग्रणी भूमिका को दर्शाती है।

Advertisement