नेपाल में भयावह बाढ़ हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेंद्र शाह से बात की
क्या है खबर?
नेपाल में तिब्बत सीमा से जुड़े रसुवा जिले में बुधवार को आई भयावह बाढ़ की वजह से काफी नुकसान हुआ है और अभी तक 16 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने एक्स पर बताया कि भारत और नेपाल की टीम मिलकर राहत और बचाव कार्य में साथ दे रही है।
संदेश
एकजुटता से खड़े हैं- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।'
नेपाल में भारतीय दूतावास भी अधिकारियों के संपर्क में है।
सहायता
दूतावास ने सहायता नंबर जारी किया
नेपाल में भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के जल्द बचाव और राहत के लिए भारत का दूतावास नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
नेपाल सरकार के साथ मिलकर बचाव और राहत कार्यों को और मजबूत किया जा रहा है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से जुड़ी मदद और जानकारी के लिए +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 पर संपर्क करने के लिए कहा है।
आपदा
बाढ़ में 105 से अधिक भारतीय लापता
तिब्बत में ग्लेशियर झील के फटने से भेटोकोशी नदी में जल का स्तर बढ़ गया, जिससे सीमा से सटे नेपाल के रसुवा जिले में तिमुरे और स्याब्रुबेसी क्षेत्रों में बाढ़ आ गई।
घटना के समय इलाके में कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कम से कम 400 से अधिक पर्यटक मौजूद थे, जिसमें 105 से अधिक भारतीय शामिल थे।
अभी तक कुछ पर्यटकों को छोड़कर बाकियों से संपर्क नहीं हो सका। बिजली परियोजना, पुल, सड़क और घर तबाह हो गए हैं।