LOADING...
अमेरिका-ईरान वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने की डोनाल्ड ट्रंप से बात, जानिए क्या हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 40 मिनट तक डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की है

अमेरिका-ईरान वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने की डोनाल्ड ट्रंप से बात, जानिए क्या हुई चर्चा

Apr 14, 2026
07:49 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई चर्चा के विफल होने के बाद मध्य-पूर्व में अभी भी तनाव बना हुआ है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की। करीब 40 मिनट तक हुई इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच मध्य-पूर्व के मौजूदा हालातों के साथ आपसी संबंधों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, वार्ता की विस्तृत जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

वार्ता

ट्रंप ने किया प्रधानमंत्री मोदी को फोन

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस बातचीत का विवरण साझा किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के महत्व पर बल दिया।'

विवरण

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी दिया बातचीत का विवरण

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस बातचीत का विवरण दिया है। उन्होंने PTI से कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप नियमित रूप से प्रधानमंत्री मोदी को अपडेट करते रहते हैं। उन्होंने ने मध्य-पूर्व के हालातों की भी जानकारी दी है।" उन्होंने अमेरिका और भारत के बीच चल रहे कई बड़े मुद्दों पर भी बात करते हुए कहा, "आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहित कुछ बड़े सौदे होने की उम्मीद है।"

Advertisement

संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को दिया अहम संदेश

गोर ने आगे कहा, "अगले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत आने वाले हैं। यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम होगी।" शांति प्रक्रिया में भारत की भूमिका पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है पूरी दुनिया शांति प्रक्रिया में भूमिका निभा सकती है और इसमें भारत भी शामिल है। राष्ट्रपति प्रयास करने वालों का स्वागत करते हैं।" उन्होंने बताया कि बातचीत के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से कहा, "भारत के लोग आपसे प्यार करते हैं।"

Advertisement

बातचीत

इससे पहले 24 मार्च को हुई थी दोनों नेताओं के बीच बात

प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप के बीच इससे पहले 24 मार्च को बातचीत हुई थी। ईरान युद्ध के बीच दोनों की यह पहली बातचीत थी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था कि राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बात हुई। भारत तनाव कम करने और शांति बहाली का समर्थन करता है। उन्होंने बताया था कि दोनों नेताओं के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य पर हो रहे व्यवधान को लेकर भी बात हुई थी।

Advertisement