प्रधानमंत्री मोदी ने 9/11 पीड़ियों को किया याद, कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत अग्रणी
क्या है खबर?
अमेरिका में 11 सितंबर, 2001 को हुए भयानक 9/11 आतंकवादी हमलों की आज 25वीं बरसी मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक विशेष संदेश साझा करते हुए हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वैश्विक मंच पर आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के प्रति भारत के अटूट और दृढ़ संकल्प को एक बार फिर दोहराया है। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा है।
संदेश
आतंकवाद और एकजुटता पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर साल 2014 में अपनी न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान '9/11 मेमोरियल और म्यूजियम' जाने की कुछ ऐतिहासिक तस्वीरें साझा की।
उन्होंने इन तस्वीरों के साथ लिखा, 'भयावह 9/11 हमलों के 25 वर्ष बीत जाने पर हम इसके पीड़ितों को याद करते हुए उन्हें सम्मान देते हैं। हम उन परिवारों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं जिनकी जिंदगी इस हादसे के बाद हमेशा के लिए बदल गई।'
एकजुटता
आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता से खड़ा है भारत- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, 'आतंकवाद ने दुनिया भर में अनगिनत मासूम जानें ली हैं। सीमा पार आतंकवाद के एक पीड़ित के रूप में, भारत पिछले कई दशकों से इस खतरे के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहा है।'
उन्होंने कहा, 'भले ही आतंकवाद का खतरा लगातार नया रूप ले रहा है, लेकिन इसके हर रूप और अभिव्यक्ति के खिलाफ हमारा विरोध और संकल्प हमेशा अडिग रहेगा। हम इस अभिशाप से लड़ने के प्रयासों में एकजुटता से खड़े हैं।'
आयोजन
अमेरिका में 25वीं बरसी पर विशेष आयोजन
साल 2001 में अल-कायदा के आतंकवादियों द्वारा किए गए इस हमले को आज पूरे 25 साल पूरे हो चुके हैं, जिसने आधुनिक इतिहास और वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य को हमेशा के लिए बदल कर रख दिया था।
11 सितंबर, 2001 को आतंकवादियों ने 4 विमानों को हाईजैक किया था, जिनमें से 2 विमानों को न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (ट्विन टावर्स) से, एक को वर्जीनिया में पेंटागन से टकराया गया था। इस भीषण हमले में 2,977 लोगों की जान गई थी।