ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश- आतंकवाद को हराने का मजबूत इरादा कायम
क्या है खबर?
पिछले साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 7 मई को पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिया था, जिसकी गुरुवार को पहली वर्षगांठ है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर संदेश लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर उन लोगों को करारा जवाब था, जिन्होंने पहलगाम में बेकसूर भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत की थी। उन्होंने लिखा कि सरकार आतंकवाद को हराने के लिए अपने मजबूत इरादे पर कायम है।
संदेश
मोदी ने क्या दिया संदेश?
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, 'एक साल पहले, हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बेमिसाल साहस, सटीकता और पक्का इरादा दिखाया था। उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया, जिन्होंने पहलगाम में बेकसूर भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत की थी। पूरा देश हमारी सेनाओं की बहादुरी को सलाम करता है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े जवाब और देश की सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसके पक्के इरादे को दिखाया।'
संदेश
ऑपरेशन सिंदूर ने हमारी सेना की एकता को दिखाया- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर ने हमारी सेनाओं के पेशेवरपन, तैयारी और मिलकर काम करने की ताकत को उजागर किया और सेनाओं के बीच बढ़ती एकता को भी दिखाया। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की कोशिश ने देश की सुरक्षा की ताकत दिखाई। उन्होंने लिखा कि एक साल बाद भी, हम आतंकवाद को हराने और उसे बढ़ावा देने वाले पूरे सिस्टम को खत्म करने के अपने इरादे पर पहले की तरह ही मजबूती से कायम हैं।
बदलाव
प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री समेत कई मंत्रियों ने अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदली
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई मंत्रियों ने एक्स पर अपनी प्रोफाइल तस्वीरें बदली हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी प्रोफाइल तस्वीर में तिरंगे के साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' का बैनर लगाया है। रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर पर एक विशेष फिल्म का टीज़र जारी किया है, जिसमें हमले की शुरूआत और उसको अंजाम देने का अभियान दिखाय गया है।
ट्विटर पोस्ट
रक्षा मंत्रालय का वीडियो
As a grateful nation commemorates the first anniversary of #OperationSindoor, let’s renew our firm resolve to safeguarding the nation’s sovereignty, unity and integrity.
— Ministry of Defence, Government of India (@SpokespersonMoD) May 6, 2026
Watch the teaser of a special movie on Op Sindoor. 🫡 🇮🇳
Full movie, dropping soon!@rajnathsingh… pic.twitter.com/RTgZ7uoRtL
घटना
ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर बरसे थे बम
पिछले साल 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकियों ने पहलगाम में 26 निर्दोष पुरुष पर्यटकों को धर्म पूछकर गोली मार दी थी, जिसके बाद भारत-पाकिस्तान तनाव बढ़ गया। भारतीय सेना ने 7 मई की आधी रात को पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर बम बरसाए और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के मुख्यालय को तबाह कर दिया। इसमें कई आतंकी मारे गए। इसके बाद भारत-पाकिस्तान का युद्ध शुरू हो गया, जो पाकिस्तान के आग्रह पर 10 मई को रोका गया।