प्रधानमंत्री मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति को दी ईद और नवरोज की बधाई, संघर्ष पर भी चर्चा
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात कर उन्हें ईद और ईरानी नववर्ष नवरोज की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता व खुशहाली पर भी बात हुई। इस अहम कूटनीतिक वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बुनियादी ढांचे पर हो रहे उन हमलों की कड़ी निंदा की, जो क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बाधित करते हैं।
वार्ता
दोनां नेताओं के बीच क्या-क्या बात हुई?
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत की एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, 'ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात की और ईद के साथ ईरानी नववर्ष 'नवरोज' की बधाई दी। हमने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और खुशहाली लाएगा। इसके अलावा, मैने इलाके में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की निंदा की, जो इलाके की स्थिरता के लिए खतरा हैं और आपूर्ति श्रृंखला में रुकावट डालते हैं।'
धन्यवाद
भारतीयों की रक्षा के लिए दिया धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने इसी पोस्ट में आगे लिखा, 'नेविगेशन की आजादी की रक्षा करने और यह पक्का करने के महत्व को दोहराया कि शिपिंग लेन खुले और सुरक्षित रहें। ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान सरकार और प्रशासन के लगातार समर्थन की भी तारीफ की।' उन्होंने लिखा, 'मैने होर्मूज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी के बीच समुद्री आवाजाही (नेविगेशन) की स्वतंत्रता और शिपिंग लेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी पुरजोर वकालत की है।'