LOADING...
भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए FTA पर आया प्रधानमंत्री मोदी और  लक्सन का बयान, जानिए क्या कहा
FTA पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने बयान जारी किया (फाइल तस्वीर)

भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए FTA पर आया प्रधानमंत्री मोदी और  लक्सन का बयान, जानिए क्या कहा

लेखन गजेंद्र
Apr 27, 2026
05:37 pm

क्या है खबर?

नई दिल्ली के भारत मंडपम में सोमवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) हो गया है। समझौता होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक्स पर अपना-अपना बयान जारी किया है। लक्सन ने कहा कि आज हम भारत और न्यूज़ीलैंड के रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर देख रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी में एक ऐतिहासिक पल बताया है।

बयान

विकास के नए रास्ते खोलेगा FTA- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'मुझे खुशी है कि आज जिस भारत-न्यूजीलैंड FTA पर हस्ताक्षर हुए हैं, वह हमारी विकास साझेदारी को अभूतपूर्व गति देगा। समझौते से हमारे किसानों, युवाओं, महिलाओं, लघु-मध्यम उद्योग, कारीगरों, स्टार्टअप्स, छात्रों, इनोवेटर्स को बहुत फायदा होगा। यह विकास के नए रास्ते खोलेगा, अवसर पैदा करेगा और विभिन्न क्षेत्रों में हमारे तालमेल बढ़ाएगा। न्यूजीलैंड द्वारा 20 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता कृषि, विनिर्माण, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी।'

बयान

लक्सन ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री लक्सन ने लिखा, 'आज, हम FTA पर हस्ताक्षर के जरिए भारत-न्यूजीलैंड के रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर देख रहे हैं। भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में एक है, लेकिन हमारे व्यापारिक रिश्तों ने सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा छुआ है।' लक्सन ने समझौते के लिए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अपने व्यापार मंत्री टॉड मैक्लै की टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि FTA हमारे दोनों देशों के लिए एक बहुत बड़ा अवसर होगा।

Advertisement

बयान

लक्सन ने बताया- न्यूजीलैंड के लिए कैसे फायदेमंद होगा FTA

लक्सन ने बताया कि यह FTA न्यूजीलैंड के लिए दुनिया के सबसे गतिशील बाजारों में से एक का दरवाजा खोलता है और व्यापार, निवेश, नवाचार और जुड़ाव के अभूतपूर्व अवसर पैदा करता है। यह समझौता 10 वर्षों में न्यूजीलैंड के निर्यात को दोगुना करेगा, और निर्यातकों को उन प्रतिस्पर्धियों के साथ एक समान अवसर प्रदान करेगा जिन्हें भारत में पहले से ही तरजीह प्राप्त है। उन्होंने कहा कि समझौता भारत में हमारे उच्च-गुणवत्ता वाले निर्यात तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगा।

Advertisement